पोंटिंग व क्लार्क के शतकों से आस्ट्रेलिया की ठोस शुरुआत
एडीलेड। अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए खेल रही टीम इंडिया की आस्ट्रेलिया को चौथे एवं अंतिम टेस्ट के पहले दिन आज यहां सस्ते में समेटने की हसरत पर कप्तान माइकल क्लार्क (नाबाद १४०) व रिकी पोंटिंग (नाबाद १३७) ने पानी फेर दिया।
भारतीय गेंदबाजों को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम को ८४ रन तक तीन झटके दे दिए थे,लेकिन क्लार्क और पोंटिंग ने इसके बाद खूंटा ग़ाडकर खेलते हुए आस्ट्रेलिया को दिन का खेलसमाप्त होने तक तीन विकेट पर ३३५ रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। पोंटिंग और क्लार्क चौथे विकेटकी अविजित साझेदारी में अब तक २५१ रन जोड चुके हैं। क्लार्क ने १८८ गेंदों की अपनी पारी में १९ चौके और एक छक्का लगा चुके हैं,जबकि पोंटिंग ने २५४ गेंदों में १३ चौके लगाए हैं। क्लार्क ने इस तरह अपना १९वां और पोंटिंग ने ४१वां टेस्ट शतक पूरा किया।
पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान पोंटिंग ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान टेस्ट कैरियर में १३००० रन भी पूरे कर लिए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के तीसरे और आस्ट्रेलिया के पहले बल्लेबाज हैं। उनसे पहले भारत के सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रव़िड यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।
सीरीज में ०३ से पिछ़ड चुकी टीम इंडिया और आस्ट्रेलिया ने इस मैच के लिए अंतिम एकादश में एकएक बदलाव किया। भारत ने तेज गेंदबाज आरविनय कुमार के स्थान पर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को उतारा, जबकि आस्ट्रेलिया ने मिशेल स्टार्क की जगह स्पिनर नाथन लियोन को जगह दी।
धीमे ओवर रेट के कारण एक मैच का प्रतिबंध झेल रहे नियमित कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की जगह इस मैच में कप्तानी कर रहे वीरेन्द्र सहवाग ने चौथे ही ओवर में अश्विन को गेंद थमा दी,लेकिन भारत को पहली सफलता जहीर खान ने डेविड वार्नर (आठ) को पगबाधा करके दिलाई। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाने वाले वार्नर २३ गेंदों में केवल आठ रन ही बना सके। आस्ट्रेलिया के स्कोर में अभी पांच रन ही ज़ुड पाए थे कि खराब फार्म से जूझ रहे शान मार्श (तीन) अश्विन की गेंद पर बोल्ड हो गए। मार्श ने इस सीरीज में पांच पारियों में अब तक कुल १७ रन बनाए हैं।
ओपनर एड कोवन (३०) और पोंटिंग इसके बाद टीम के स्कोर को ८४ रन तक ले गए। अश्विन ने लंच से दस मिनट पहले कोवन को शॉट कवर में वी वी एस लक्ष्मण के हाथों कैच करा दिया, लेकिन पोंटिंग और क्लार्क ने इसके बाद भारतीय गेंदबाजों को आसानी से खेलते हुए उन्हें जश्न मनाने का कोई मौका नहीं दिया। पोंटिंग ने एक छोर पर जहां संयम के साथ बल्लेबाजी की वहीं क्लार्क ने आक्रामक तेवर दिखाए। पोंटिंग और क्लार्क लंच तक आस्ट्रेलिया के स्कोर को ९८ रन तक ले गए।
पोंटिंग ने लंच के बाद ६९ गेंदों में सात चौकों की मदद से अपना अर्द्धशतक पूरा किया। क्लार्क जब ३५ रन पर खेल रहे थे तो भारत के पास उनका विकेट चटकाने का मौका था, लेकिन टीम इंडिया ने इसे गंवा दिया। इशांत शर्मा की एक गेंद क्लार्क के बल्ले का बाहरी किनारा लेती हुए पहली स्लिप में गयी,लेकिन वहां कोई फील्डर मौजूद नहीं था। क्लार्क ने ६९ गेंदों में आठ चौकों की मदद से अपना अर्द्धशतक पूरा किया।
चायकाल के समय आस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर २१४ रन था। पोंटिंग ने इसके बाद १६४ गेंदों में ११ चौकों की मदद से अपना ४१वां टेस्ट शतक पूरा किया। दूसरे छोर पर क्लार्क ने अपना १९वां टेस्ट शतक पूरा करने में १३३ गेंदों का सहारा लिया। इस दौरान उन्होंने १४ चौके और एक छक्का लगाया।
क्लार्क ने अश्विन के एक ओवर में तीन चौके, उमेश यादव के एक ओवर में लगातार दो चौके और इशांत के एक ओवर में दो चौके लगाए। इस ज़ोडी को त़ोडने के लिए सहवाग ने छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। भारत की ओर से अश्विन ने २६ ओवर में ८१ रन देकर दो विकेट लिए,जबकि जहीर ने १८ ओवर में ५२ रन पर एक विकेट लिया। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले उमेश इस बार १२ ओवर में ८७ रन लुटाकर कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए। इशांत ने २० ओवर में ५२ रन दिए और उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली।