डर के आगे जीत है
सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) का दूसरा सीजन इतना ग्लैमरस और इतना विशाल हो जाएगा, इसका अंदाज खुद सीसीएल की कल्पना करने वालों को शायद नहीं रहा होगा। सीसीएल में हिस्सा ले रहीं टीमों को अपने दो मैच अपने खर्चे पर अपने होम ग्राउंड पर कराने होते हैं, लेकिन सलमान की अगुआई वाली मुंबई हीरोज टीम ने अपने मैच शारजहा में करने का फैसला लेकर इस बार की सीसीएल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा दिया।
पहले तो मुंबई हीरोज टीम की दुबई और शारजाह में मौजूदगी की खबर पाकर वहीं के हजारों लोग सलमान की झलक पाने के लिए इकट्ठा हो गए। तेलुगु वारियर्स और चेन्नई राइनोज के बीच हुए दोनों मैचों के दौरान सलमान खान कभी पैवेलियन में तो कभी मैदान में बने डग आउट में डेरा जमाए रहे और मुंबई हीरोज के जिस भी खिल़ाडी ने खेल में कोताही बरती, उसे सलमान की कोप दृष्टि को सामना करना प़डा।
पहला मैच टाई होने के बाद सलमान का गुस्सा सातवें आसमान पर था और सलमान के इसी डर का नतीजा रहा कि दूसरा मैच मुंबई हीरोज ने अच्छे खासे मार्जिन से जीता। खुद सलमान राज खोलते हुए बोले, डर के आगे जीत है।