रुश्दी की वीडियो कांफ्रेंसिंग रद्द
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में चल रहे जयपुर साहित्य महोत्सव के अंतिम दिन आज विवादित लेखक सलमान रुश्दी की वीडियो कांफ्रेंसिंग को आयोजकों ने अंतिम क्षणों में रद्द कर दिया। इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बृजेश झाला ने पत्रकारों को बताया कि आयोजकों ने रुश्दी के वीडियो के माध्यम से देशदुनिया से आये साहित्यप्रेमियों को संबोधित करने के कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने रुश्दी की जयपुर यात्रा को लेकर विरोध जताया था और इसी के चलते गत २० जनवरी को जयपुर साहित्य उत्सव के उद्घाटन सत्र में रुश्दी शरीक नहीं हो पाये थे। तमाम विरोध और चर्चाओं के मध्य आज वीडियो कांफेंसिंग के माध्यम से रुश्दी साहित्य उत्सव में मौजूद साहित्य प्रेमियों को संबोधित करने वाले थलेकिन अंतिम क्षणों में आयोजकों ने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया।
इससे पूर्व सुबह मुस्लिम फोरम के ३५ से अधिक कार्यकर्ताओं ने समारोह स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया और वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रुश्दी के संबोधन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने रुश्दी की वीडियो कांफ्रेंसिंग को रद्द नहीं किये जाने पर हजारों लोगों के समारोहस्थल पर पहुंच कर विरोध व्यक्त करने की चेतावनी दी थी।
फोरम के कार्यकर्ताओं ने समारोहस्थल पर जबरन घुसने का प्रयास किया। फोरम के मोहम्मद नाजिम का कहना था कि जब रुश्दी की विवादित पुस्तक ‘सैटेनिक वर्सेज’ पर प्रतिबंध लगा हुआ है तथा हमारी नजरों में वह शैतान है, तो फिर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये वह समारोह को क्यों संबोधित कर रहे हैं। बाद में आक्रोशित लोगों को आयोजकों ने समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने कहा कि वे समारोह में व्यवधान पैदा नहीं करना चाहते, लेकिन रुश्दी ने वीडियो क्रांन्फ्रेंसिंग की, तो मुस्लिम समुदाय के लोग इसे बर्दाश्त नही कर पायेंगे और हजारों मुसलमान विरोध करने के लिए समारोह स्थल पर आ जायेंगे।
आयोजक संजाय रॉय ने फोरम के कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे इस तरह का कोई काम नहीं कर रहे हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय के लोगों की भावना आहत हो। मौके पर मौजूद आर्य समाज के नेता स्वामी अग्निवेश ने कहा कि जयपुर साहित्य महोत्सव में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला काम हुआ, तो वह मुस्लिम समाज के साथ हैं।
उधर, सहायक पुलिस आयुक्त दक्षिण करण शर्मा ने अदालत में दायर याचिकाआें पर समारोह के आयोजकों को अपराह्न दो बजे तलब किया है। मुस्लिम फोरम के कार्यकर्ताओं के विरोध को देख जयपुर साहित्य महोत्सव में शिरकत करने आये कई विदेशी संभागियों के चेहरे पर तनाव की लकीरें खिंची दिखाई दीं।